पोलटॉक नेटवर्क | लखनऊ
देश के 4 राज्यों की 4 विधानसभा सीट और एक लोकसभा सीट पर हुए उप चुनाव के नतीजे आज घोषित कर दिए गए। बिहार की बोचहां, पश्चिम बंगाल की बालीगंज, महाराष्ट्र की कोल्हापुर नॉर्थ और छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर उप चुनाव हुए थे। जिसके नतीज आज घोषित हो गए। विधानसभा सीट के साथ ही पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट पर भी उप चुनाव हुआ। उप चुनाव में क्षेत्रीय पार्टियों का बोलबाला रहा। किसी भी सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बेहतर स्थिति में नहीं नजर आये। उप चुनाव में देश की सत्ताधारी पार्टी के हाथ आर्यभट्ट की खोज यानी शून्य सीटें लगी हैं।
आसनसोल में शत्रुघ्न सिन्हा का जादू
पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से बतौर टीएमसी उम्मीदवार अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा मैदान में उतरे। शत्रुघ्न सिन्हा ने शानदार दमखम दिखते हुए बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल को 3 लाख से ज्यादा वोटों से हरा दिया। शत्रुघ्न सिन्हा को 6,52,586 वोट मिले वहीं बीजेपी की उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल 3,52,043 वोट हासिल हुए।
बालीगंज में बाबुल सुप्रियो
पश्चिम बंगाल की बालीगंज विधानसभा सीट से टीएमसी नेता बाबुल सुप्रियो ने जीत हासिल की। बाबुल सुप्रियो को
50,996 मिले। वहीं दूसरे नंबर पर कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट) की उम्मीदवार साइरा शाह हलीम को 30,940 वोट मिले। जबकि भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार केया घोष को मात्र 13,174 वोट ही मिल सके।
कोल्हापुर उत्तर पर कांग्रेस का कब्जा
महाराष्ट्र की खाली पड़ी कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की। इसके साथ ही कांग्रेस ने यह सीट अपने पास बरकरार रखी। कांग्रेस पार्टी उम्मीदवार जाधव जयश्री चंद्रकांत ने बीजेपी को लगभग 20 हजार मतों से मात दी। जाधव जयश्री चंद्रकांत को 97,016 वोट मिले जबकि बीजेपी प्रत्याशी सत्यजीत को 77,806 वोट मिले।
बिहार में RJD को सफलता
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की बोचहां (सुरक्षित) सीट पर हुए उपचुनाव में RJD जे जीत हासिल की है। बोचहां से राजद ने अमर पासवान को अपना प्रत्याशी बनाया था। अमर पासवान ने राजद के भरोसे को बरकरार रखते हुए 82,547 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। इस सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार बेबी कुमारी को 45,889 वोट मिले। वहीं तीसरे स्थान पर रहीं मुकेश साहनी की पार्टी VIP की उम्मीदवार गीता कुमारी को 29,276 वोट मिले।
खैरागढ़ में कांग्रेस का जलवा
छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसीट पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने बाजी मारी। कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा नीलांबर वर्मा ने बीजेपी प्रत्याशी कोमल जंघेल को 20 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा नीलांबर को 87,829 वोट मिले। वहीं बीजेपी प्रत्याशी कोमल जंघेल को 67,660 वोट हासिल हुए।
रिपोर्ट -पत्रकार आदित्य कुमार