- चंपावत उप चुनाव में राहुल गाँधी कर सकते हैं चुनाव प्रचार
- चंपावत से चुनाव लड़ रहें हैं सीएम पुष्कर सिंह धामी
पोलटॉक नेटवर्क | देहरादून
Champawat by election:उत्तराखंड की चंपावत विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। माना जा रहा है कि कांग्रेस उम्मीदवार का प्रचार करने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी आ सकते हैं।
कांग्रेस द्वारा स्टार प्रचारकों की सूची में 30 नेताओं को शामिल किया गया है। उत्तराखंड कांग्रेस के महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारकों में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक, राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला का नाम शामिल किया गया है। ऐसी सम्भावना भी जताई जा रही है कि ये सभी नेता चुनाव प्रचार के लिए भी जा सकते हैं।
कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची
चंपावत विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी स्टार प्रचारकों में प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, सहप्रभारी राजेश धर्माणी, सांसद प्रदीप टम्टा, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, पूर्व मंत्री डॉ.हरक सिंह रावत, विधायक मयूख महर, पूर्व सांसद महेन्द्र सिंह माहरा, विधायक तिलकराज बेहड, विधायक आदेश चौहान, विधायक गोपाल सिंह राणा, विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक रणजीत सिह रावत, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, प्रदेश अध्यक्ष, युवा कांग्रेस सुमित्तर भुल्लर, प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला, प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल राजेश रस्तोगी एवं प्रदेश अध्यक्ष एनएसयूआई मोहन भंडारी का नाम शामिल है।
सीएम धामी लड़ रहें हैं उप चुनाव
उत्तराखंड की चंपावत सीट से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव लड़ रहें हैं। सीएम धामी के सामने कांग्रेस पार्टी ने निर्मला गहतोड़ी को चुनावी मैदान में उतारा है। सीएम के चुनाव लड़ने के चलते कांग्रेस पार्टी उप चुनाव में एड़ी से चोटी जोर लगाए हुए है। बता दें, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा चुनाव खटीमा सीट से लड़ा था और उनके हाथ हार लगी थी। धामी के सीएम बनने के बाद चंपावत सीट से विधायक अशोक गहतोड़ी ने इस्तीफा दिया जिसके बाद यहां उप चुनाव कराये जा रहें हैं।