मथुरा एक ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन स्थल के लिए जाना जाता है। भगवान श्री कृष्ण की नगरी मथुरा उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में एक हॉट सीट है। मथुरा लोकसभा सीट पर शुरू में कांग्रेस पार्टी का कब्ज़ा रहा किन्तु बीते दो दशक से भारतीय जनता पार्टी मथुरा लोकसभा सीट पर ज्यादातर अपना विजय पताका फहरा रही रही है। वतर्मान में बीजेपी की हेमा मालिनी मथुरा से सांसद हैं।
मथुरा लोकसभा सीट का इतिहास
उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों के अंतर्गत आने वाली मथुरा सीट पर आजादी के बाद पहली बार 1952 में लोकसभा के चुनाव हुए थे। मथुरा लोकसभा सीट पर हुए पहले चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की। मथुरा सीट पर हुए पहले दो चुनावों में निर्दलीय उमीदवाओं ने ही जीत हासिल की। 1962 में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के चौधरी दिगम्बर सिंह ने जीत हासिल की। 1962 से 1977 तक लगातार तीन बार कांग्रेस पार्टी ने मथुरा से विजय हासिल की। 1989 में जनता दल के प्रत्याशी ने मथुरा का मैदान मारा। उसके बाद लगातार 1991, 1996, 1998 और 1999 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने मथुरा सीट पर अपना कब्ज़ा जमाया। 2004 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर वापसी की। 2004 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी से मानवेन्द्र सिंह ने जीत दिलाई थी। 2009 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ी रालोद के जयंत चौधरी ने बड़ी जीत हासिल की। इसके बाद 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में अभिनेत्री हेमा मालिनी ने बीजेपी के टिकट पर जीत हासिल की।
अटल बिहारी वाजपेयी की जब्त हुई थी जमानत
1957 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के संस्थापकों में से एक सदस्य रहे दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने दो लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ा था। अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तर प्रदेश की मथुरा और बलरामपुर सीट नामांकन दाखिल किया। चुनाव नतीजों में अटल बिहारी बलरामपुर सीट जीतने में कामयाब रहे लेकिन मथुरा सीट पर जमानत भी जब्त हो गयी। उस चुनाव में मथुरा में कांग्रेस और जनसंघ के उम्मीदवारों को पछाड़ते हुए स्वतंत्र रूप से लड़े राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने जीत हासिल की थी।
मथुरा लोकसभा सीट पर मतदाताओं की संख्या
मथुरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 2019 के लोकसभा चुनाव के समय कुल 17 लाख 86 हजार 187 मतदाता हैं। जिनमें से पुरुष मदताओं की संख्या 9 लाख 70 हजार 318 है। वहीँ महिला वोटरों की कुल संख्या 8 लाख 15 हजार 660 है जबकि 209 ट्रांसजेंडर वोटर हैं।
मथुरा लोकसभा सीट पर अब तक के सांसद
- 1952: गिरराज सरण सिंह, निर्दलीय
- 1957: राजा महेन्द्र प्रताप सिंह, निर्दलीय
- 1962: चौधरी दिगम्बर सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1967: गिरराज सरण सिंह, निर्दलीय
- 1971: चकलेश्वर सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1977: मनीराम बागड़ी, भारतीय लोक दल
- 1980: चौधरी दिगम्बर सिंह, जनता पार्टी (धर्मनिरपेक्ष)
- 1984: मानवेन्द्र सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 1989: मानवेन्द्र सिंह, जनता दल
- 1991: स्वामी साक्षी जी, भारतीय जनता पार्टी
- 1996: चौधरी तेजवीर सिंह, भारतीय जनता पार्टी
- 1998: चौधरी तेजवीर सिंह, भारतीय जनता पार्टी
- 1999: चौधरी तेजवीर सिंह, भारतीय जनता पार्टी
- 2004: मानवेन्द्र सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- 2009: जयंत चौधरी, राष्ट्रीय लोक दल
- 2014: हेमा मालिनी, भारतीय जनता पार्टी
- 2019: हेमा मालिनी, भारतीय जनता पार्टी