उत्तर प्रदेश विधान परिषद की खाली हुई 36 सीटों में से 27 पर शनिवार को मतदान हुआ। जिसका चुनाव नतीजा आज मंगलवार को घोषित कर गया। 27 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी ने 24 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं विधान परिषद की 3 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई जबकि मुख्य लड़ाई में दिखाई दे रही समाजवादी पार्टी के हाथ आर्यभट्ट की खोज यानी शून्य हाथ लगा है।
उत्तर प्रदेश के विधान परिषद के चुनाव नतीजे घोषित हो गए हैं। विधान परिषद चुनाव में जहाँ एक तरफ बाहुबलियों का दबदबा साफतौर पर दिखाई दिया वहीं सपा-भाजपा की लड़ाई बताया जा रहा विधान परिषद चुनाव एकतरफा बीजेपी तरफ हो गया। इस चुनाव में तीन निर्दलीय चुनाव जीते हैं जिनमें राजा भैया के करीबी अक्षय सिंह, बाहुबली नेता ब्रजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह और भाजपा से निष्काषित यशवंत सिंह के बेटे विक्रांत सिंह रिशु ने जीत हासिल की है।
आजमगढ़-मऊ विधान परिषद सीट पर भाजपा ने अरुण कांत यादव को और समाजवादी पार्टी ने राकेश यादव को मैदान में उतारा था। वहीं इस सीट भारतीय जनता पार्टी से निकले गए यशवंत सिंह के बेटे विक्रांत सिंह रिशु ने निर्दलीय चुनाव लड़ा। चुनाव नतीजों में आजमगढ़-मऊ विधान परिषद सीट निर्दलीय उम्मीदवार विक्रांत सिंह रिशु के खाते में गयी।
विक्रांत सिंह रिशु को कुल 4075 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी अरुण कांत यादव को महज 1262 वोट ही मिले। वहीं, सपा उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई है। सपा के राकेश यादव को महज 356 वोट मिले। बता दें, हाल ही में आजमगढ़ संसदीय सीट से अखिलेश यादव इस्तीफा दिया था।